NEWS

4 दिन चंबा के प्रवास पर रहेंगे मुख्यमंत्री

मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू जिला चंबा के तीन विधानसभा क्षेत्रों में चार दिनों का प्रवास करेंगे। इस दौरान भटियात, चुराह और भरमौर विधानसभा क्षेत्र के तीन गांवों में ग्रामीणों के बीच रात को रुक कर सरकार गांव के द्धार कार्यक्रम के तहत ग्रामीणों से सीधा संवाद करेंगे।

छह नवंबर को सीएम शिमला लौट आएंगे। रविवार को मुख्यमंत्री कार्यालय की तरफ से इस संबंध में अधिकारिक कार्यक्रम भी जारी कर दिया है। तय शेड्यूल के तहत मुख्यमंत्री तीन नवंबर सुबह शिमला से गगल के लिए रवाना होंगे।

यहां से मुख्यमंत्री सुखविंद्र भटियात विधानसभा क्षेत्र के चुवाड़ी पहुंच कर स्थानीय चौगान मैदान में विभिन्न विकास योजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करेंगे। दोपहर बाद सीएम चलामा मेला ग्राउंड पहुंच कर ‘सरकार गांव के द्वार’ कार्यक्रम के तहत जनता के साथ बातचीत करेंगे।

इसके बाद उनका रात्रि ठहराव घटासनी गांव में होगा। चार नवंबर को सीएम ककीरा स्कूल में बच्चों से संवाद करेंगे। वह बटलोही से हेलिकॉप्टर के जरिए चुराह विधानसभा क्षेत्र के भंजराडू पहुंचेंगे। यहां विभिन्न योजनाओं के उद्घाटन-शिलान्यास के बाद मुख्यमंत्री जनसभा को संबोधित करेंगे।

दोपहर बाद वह तीसा स्थित लोक निर्माण विभाग के विश्राम गृह में रुकेंगे और शाम के वक्त बैरागढ़ क्षेत्र के देहग्रां गांव में ‘सरकार गांव के द्वार’ कार्यक्रम में शामिल होंगे। वह मेला मैदान में स्थानीय लोगों से बातचीत करेंगे।

मुख्यमंत्री का रात्रि ठहराव भी इसी गांव में होगा। अगले दिन सीएम पीएम श्री तीसा पहुंचकर स्कूल में विद्यार्थियों से संवाद करेंगे। इसी कार्यक्रम में वह एंटी चिट्टा वॉकेथॉन को हरी झंडी दिखाएंगे।

इसके बाद मुख्यमंत्री भंजराड़ू से हेलिकॉप्टर द्वारा चंबा के करियां स्थित एनएचपीसी हेलिपैड पहुंचेंगे। यहां से वह भरमौर विधानसभा क्षेत्र के लिहलकोठी स्थित डिग्री कालेज के ग्राउंड में विकासात्मक योजनाओं के लोकार्पण और शिलान्यास करेंगे।

इस दिन सीएम शाम को मैहला गांव में स्थानीय लोगों से सीधा संवाद करेंगे और इसी गांव में उनका रात्रि ठहराव भी होगा। छह नवंबर को मुख्यमंत्री मैहला स्कूल में विद्यार्थियों से संवाद करेंगे। तदोपरांत गगल एयरपोर्ट होते हुए शिमला का रुख करेंगे।

Leave a Reply