पहली नवम्बर से दौड़ेगी हिमालयन क्वीन एक्सप्रेस
कालका-शिमला रेलवे ट्रैक पर सफर करने वाले यात्रियों के लिए राहत भरी खबर है। लंबे समय से बंद पड़ी हिमालयन क्वीन एक्सप्रेस एक बार फिर पटरी पर लौटने जा रही है।
रेलवे ने ट्रेन का संचालन बहाल करने का फैसला लिया है। इसके तहत शिमला से धर्मपुर के बीच पहली नवंबर से ट्रेन सेवा शुरू हो जाएगी, जबकि दूसरी दिशा में ट्रेन दो नवंबर से दौड़ेगी। इससे यात्रियों को रेल सफर के लिए एक और विकल्प मिल सकेगा।
उत्तर रेलवे के अंबाला मंडल कार्यालय की ओर से शुक्रवार को जारी आदेश में ट्रेन का संचालन बहाल करने की जानकारी दी गई है। सक्षम प्राधिकारी ने ट्रेन नंबर 52455 और 52456 को दोबारा चलाने की मंजूरी प्रदान कर दी है। गौरतलब है कि रेलवे ने पहले इस ट्रेन को 31 दिसंबर तक रद्द किया था।
टकसाल और गुम्मन के बीच मिट्टी खिसकने के कारण रेल यातायात प्रभावित हुआ था। इसके चलते इस मार्ग पर हिमालयन क्वीन का संचालन बंद करना पड़ा था। रेलवे के नए आदेश के अनुसार ट्रेन नंबर 52456 एक नवंबर को शिमला से शाम 6:40 बजे धर्मपुर के लिए रवाना होगी।
वहीं, ट्रेन नंबर 52455 का संचालन दो नवंबर से शुरू होगा। ट्रेन में कुल सात कोच लगाए जाएंगे। इनमें चार सामान्य श्रेणी, दो प्रथम श्रेणी और एक गार्ड कोच शामिल रहेगा।
ट्रेन सेवा की बहाली को लेकर रेलवे ने संबंधित अधिकारियों को जरूरी तैयारियां पूरी करने के निर्देश दिए हैं। इसके लिए पर्याप्त स्टाफ, ट्रेन मैनेजर, शंटिंग स्टाफ और इंजन की व्यवस्था करने को कहा गया है।






