हिमाचल के इन छह जिलों में बारिश का अलर्ट
बंगाल की खाड़ी में उठे चक्रवाती तूफान अर्नब के बीच हिमाचल प्रदेश में भी मौसम करवट लेने के संकेत हैं। प्रदेश में लंबे समय से बारिश का इंतजार कर रहे लोगों और किसानों के लिए आगामी दो दिन मौसम के लिहाज से अहम रहने वाले हैं।
मौसम विज्ञान केंद्र की ओर से जारी जिला स्तरीय चेतावनी के अनुसार, 29 और 30 अक्तूबर को प्रदेश के कुछ हिस्सों में गरज-चमक के साथ बिजली गिरने की संभावना है।
सभी जिलों में बारिश होने का पूर्वानुमान नहीं है और मौसम संबंधी चेतावनी चुनिंदा जिलों तक सीमित है। ऐसे में लोगों को मौसम के ताजा अपडेट पर नजर रखने और खराब मौसम के दौरान सतर्कता बरतने की सलाह दी गई है।
मौसम विभाग के अनुसार 29 अक्तूबर को छह जिलों कांगड़ा, कुल्लू, मंडी, शिमला, सोलन और सिरमौर जिलों में आंधी, बिजली चमकने और बारिश का यलो अलर्ट रहेगा।
30 अक्तूबर को पांच जिलों कांगड़ा, कुल्लू, मंडी, शिमला और सिरमौर जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। इन जिलों में मौसम खराब होने के साथ तेज हवाएं चलने, बिजली चमकने और बारिश होने की आशंका है।
न्यूनतम तापमान
कुकुमसेरी माइनस 2.7, केलांग माइनस 0.2, ताबो 0.2, कल्पा 4.4, मनाली 5.9, बजौरा 7.4, भुंतर और सोलन 7.8, कुफरी 8.2, सुंदरनगर 9.2, पालमपुर 9.5, चंबा 9.6, बरठीं 10.2, कांगड़ा और मंडी 10.5, भरमौर 11.0, ऊना 11.2, शिमला और बिलासपुर 12.0, जुब्बड़हट्टी 13.0 , देहरा गोपीपुर 14.0, धर्मशाला 14.2, नाहन 15.1 , नेरी 16.1 और पांवटा साहिब 18.0 डिग्री दर्ज किया गया।







