चंबा में 7 लोगों की मौत, छतरूंड के पास खाई में गिरी बोलेरो
जिला चंबा के मसरूंड-हमल मार्ग पर छतरूंड के समीप बोलेरो वाहन के गहरी खाई में गिरने से सवार सात लोगों की मौत हो गई। हादसे का शिकार हुई बोलेरो (एचपी-01सी-2581) ग्राम पंचायत कुठेड़ के महल गांव की बताई जा रही है। मृतकों में चार महिलाएं और तीन पुरुष शामिल हैं।
महल गांव के लोग पंचायत के काकड़ोथा गांव में आयोजित मुंडन संस्कार की धाम में शामिल होने गए थे। धाम खाने के बाद सभी लोग बोलेरो में सवार होकर अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान छतरूंड के समीप वाहन अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरा।
हादसा इतना भीषण था कि वाहन के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार सात लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही आसपास के गांवों के लोग सबसे पहले मौके पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया।
ग्रामीणों ने खाई में उतरकर शवों को बाहर निकालने का कार्य किया। बाद में पुलिस और प्रशासन की टीमें भी घटनास्थल पर पहुंच गईं। उधर, एसपी विजय कुमार सकलानी ने बताया कि छतरूंड के समीप बोलेरो वाहन के दुर्घटनाग्रस्त होने की सूचना मिलते ही पुलिस टीम को मौके पर भेज दिया गया है।
पुलिस और स्थानीय प्रशासन राहत एवं बचाव कार्य में जुटे हुए हैं। हादसे में मृतकों और घायलों के संबंध में जानकारी एकत्र की जा रही है। दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी गई है।
