NEWS

हिमाचल में मानसून के चलते कम हुई पर्यटकों की ऑक्यूपेंसी

हिमाचल में मानसून के आते ही पर्यटक रूठ गए हैं और सीजन धीमा हो गया। पहली ही बारिश से राज्य के सभी पर्यटक स्थलों में पर्यटकों की ऑक्यूपेंसी कम हुई है।

शिमला में ही वीकेंड के बावजूद 30 फीसदी गिरावट है, जबकि हमेशा फुल रहने वाला मनाली भी 40 से 50 फीसदी की गिरावट पर चल रहा है। पर्यटन कारोबारियों की मानें तो हिमाचल में 2023 की प्राकृतिक आपदा के बाद यही ट्रेंड चल रहा है।

हालांकि इस बार हिमाचल में समर टूरिस्ट सीजन अच्छा गया था। शिमला, डलहौजी, कुल्लू, मनाली जैसे पर्यटक स्थलों पर बेड ऑक्यूपेंसी फुल चल रही थी, लेकिन बरसात में खतरे को देखते हुए अब पर्यटक हिमाचल आना नहीं चाहते।

पहले 2023 की प्राकृतिक आपदा में फंसे लोगों को सबक मिला और उसके बाद 2025 में फिर से नुकसान हुआ। मनाली होटल एसोसिएशन के अध्यक्ष रोशन ठाकुर कहते हैं कि मानसून की पहली ही बारिश के बाद पर्यटकों की ऑक्यूपेंसी में 40 से 50 फीसदी की कमी आई है। हालांकि इस बार इससे पहले सीजन फुल चल रहा था।

उनका यह भी कहना है कि हिमाचल में बरसात के दिनों में बाढ़ और बिल्डिंग गिरने के वीडियो सोशल मीडिया पर चलने के बाद टूरिज्म का नुकसान होता है। शिमला के होटल कारोबारी भी ये मानते हैं कि इस तरह के हादसों के बाद होने वाले नुकसान को बचाने के लिए सरकारी स्तर पर कोई कार्य योजना नहीं है।

मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू हमेशा यह बात करते हैं कि मानसून सीजन में भी हिमाचल टूरिज्म के लिए है, लेकिन पर्यटन विभाग यह बात हिमाचल से बाहर नहीं पहुंचा पा रहा है। इसकी सबसे बड़ी वजह ये भी है कि विभाग के पास पब्लिसिटी के लिए पैसा ही नहीं है।

इससे आउटरीच प्रभावित हुई है। दूसरी तरफ, हिमाचल प्रदेश पर्यटन विकास निगम मानसून सीजन के लिए पैकेज देता है, लेकिन यह पैकेज 15 जुलाई से 11 सितंबर, 2026 तक के लिए घोषित है। इसमें पर्यटन निगम के चुनिंदा होटलों में 20 से 40 फीसदी की छूट दी जा रही है, लेकिन इसका इंपैक्ट क्या होगा? यह 15 जुलाई के बाद पता चलेगा।

दो महीनों में शिमला पहुंची 18.5 लाख गाड़ियाँ

शिमला पुलिस ने ही ग्रीष्मकालीन पर्यटन सीजन के आंकड़े जारी किए थे। सीमित क्षमता वाले शिमला में मई एवं जून, 2026 के दौरान 18.5 लाख से अधिक वाहन आए थे। इनमें मई माह में लगभग 8.5 लाख तथा जून माह में अब तक लगभग 10 लाख वाहन शामिल थे।

इसी कारण समर सीजन अच्छा गया था। मनाली में भी 30 जून तक सब ठीक चल रहा था। बुकिंग फुल थी, लेकिन मानसून की एंट्री और पहली बारिश के बाद सब बदल गया।

Leave a Reply