शिमला में भाजपा का जोरदार विरोध प्रदर्शन
हिमाचल में भाजपा नेताओं, विधायकों और जनप्रतिनिधियों के खिलाफ दर्ज एफआईआर के विरोध में बुधवार को भारतीय जनता पार्टी सडक़ों पर उतर आई। भाजपा विधायक दल, पार्टी पदाधिकारियों और बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं ने शिमला के सीटीओ चौक पर कांग्रेस सरकार के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया और नारेबाजी की। प्रदर्शन के बाद भाजपा विधायक दल और कार्यकर्ता मुख्यमंत्री के सरकारी आवास ओक ओवर की ओर कूच कर गए।
मुख्यमंत्री आवास के घेराव की घोषणा के मद्देनजऱ ओक ओवर के बाहर पुलिस सुरक्षा बढ़ा दी गई और अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया। भाजपा का आरोप है कि कांग्रेस सरकार राजनीतिक प्रतिशोध की भावना से भाजपा के मौजूदा और पूर्व विधायकों तथा अन्य जनप्रतिनिधियों के खिलाफ झूठे मुकदमे दर्ज कर रही है। पार्टी का कहना है कि सरकार सत्ता का दुरुपयोग कर विपक्ष की आवाज दबाने का प्रयास कर रही है, जिसके विरोध में यह आंदोलन शुरू किया गया है। भाजपा ने स्पष्ट किया है कि वह इस मुद्दे पर अपना आंदोलन जारी रखेगी, जबकि मुख्यमंत्री आवास की ओर बढ़ते प्रदर्शनकारियों को देखते हुए प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है।
जयराम ठाकुर ने सरकार को दी चेतावनी
नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने कहा कि भाजपा प्रदेश अध्यक्ष राजीव बिंदल सहित कई मौजूदा और पूर्व विधायकों पर लगातार झूठे मुकदमे दर्ज किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि इसी कारण भाजपा को सडक़ों पर उतरने के लिए मजबूर होना पड़ा है।उन्होंने दावा किया कि भाजपा के वर्तमान और पूर्व विधायकों पर अब तक करीब एक दर्जन मुकदमे दर्ज किए जा चुके हैं और प्रदेश के इतिहास में पहले कभी ऐसा नहीं हुआ।
अधिकारियों को भी चेतावनी
जयराम ठाकुर ने मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू को चेतावनी देते हुए कहा कि सरकार इस तरह की कार्रवाई यहीं रोक दे, अन्यथा भविष्य में गंभीर राजनीतिक परिणाम भुगतने पड़ सकते हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा इस मुद्दे को विधानसभा में भी प्रमुखता से उठाएगी। उन्होंने यह भी कहा कि यदि राजनीतिक द्वेष की भावना से किसी अधिकारी ने कार्रवाई की है तो ऐसे अधिकारियों का रिकॉर्ड रखा जाएगा और भविष्य में भाजपा की सरकार बनने पर उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
‘राजनीतिक द्वेष से काम कर रही सरकार’ : राजीव बिंदल
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष राजीव बिंदल ने आरोप लगाया कि सुक्खू सरकार राजनीतिक द्वेष की भावना से कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि भाजपा ने सरकार के खिलाफ प्रदेशव्यापी आंदोलन का बिगुल फूंक दिया है और यह आंदोलन आने वाले दिनों में पूरे प्रदेश में जारी रहेगा।
रणधीर शर्मा बोले-प्रमुख नेताओं को बनाया जा रहा निशाना
भाजपा विधायक रणधीर शर्मा ने आरोप लगाया कि प्रदेश अध्यक्ष राजीव बिंदल, विधायक सुधीर शर्मा, पूर्व विधायक होशियार सिंह, पूर्व विधायक राजेंद्र राणा सहित कई भाजपा नेताओं पर झूठे मामले दर्ज किए गए हैं। उन्होंने कहा कि सरकार प्रदेश के वास्तविक मुद्दों से जनता का ध्यान हटाने के लिए विपक्षी नेताओं पर मुकदमे दर्ज करवा रही है।





