NEWS

पंजाब में 18 प्रतिशत बढ़ा कर्मचारियों का महंगाई भत्ता

पंजाब की भगवंत मान सरकार ने राज्य के कर्मचारियों को बड़ी राहत देते हुए महंगाई भत्ते (डीए) को लेकर एक अहम घोषणा की है। पंजाब सरकार के मंत्री अमन अरोड़ा द्वारा किए गए इस ऐलान से राज्य के हजारों कर्मचारियों के वेतन में सीधा इजाफा होगा।

ऐलान के अनुसार 17 जुलाई, 2020 के बाद ड्यूटी ज्वाइन करने वाले सभी कर्मचारियों को अब 60 प्रतिशत महंगाई भत्ता (डीए) दिया जाएगा। वर्तमान में इन कर्मचारियों को केवल 42 प्रतिशत डीए मिल रहा था, जिसमें अब सीधे 18 प्रतिशत की बढ़ोतरी की गई है।

सरकार के इस कदम से पंजाब के करीब 85,000 कर्मचारियों को फायदा होगा और उनके वेतन में अच्छी-खासी वृद्धि देखने को मिलेगी। मंत्री अमन अरोड़ा ने यह भी स्पष्ट किया है कि पंजाब सरकार अपने कर्मचारियों को केंद्रीय कर्मचारियों के बराबर वेतन और महंगाई भत्ता (डीए) देने के लिए पूरी तरह से तैयार है।

यह कदम कर्मचारियों के लिए एक बड़ी सौगात माना जा रहा है, जिससे आगामी त्योहारों से पहले उन्हें बड़ी आर्थिक राहत मिलेगी। बता दें कि इन दिनों पंजाब में डीए का मसला गरमाया हुआ है।

पंजाब कांग्रेस ने सरकारी कर्मचारियों और पेंशनरों की मांगों को लेकर आठ सितंबर को चंडीगढ़ में बड़े विरोध मार्च का ऐलान किया है। वरिष्ठ कांग्रेस नेता हरदीप सिंह ने कहा कि लंबित (डीए) की किस्तों और बकाया राशि जारी करने तथा पुरानी पेंशन योजना (ओपीएस) को पूरी तरह लागू करने की मांग उठाई जाएगी।

कांग्रेस कार्यकर्ता, कर्मचारी संगठन, युवा और आम लोग आठ सितंबर को पूर्वाह्न 10.30 बजे सेक्टर-15 स्थित पंजाब कांग्रेस भवन में एकत्र होंगे।

Leave a Reply