हिम टाइम्स – Him Times

रोहतांग में खाई में गिरी ट्रैवलर, शिक्षक सहित सात बच्चे घायल

लाहुल घाटी में रोहतांग दर्रे से अटल टनल की ओर जा रही पर्यटकों की टैम्पो ट्रैवलर गर्ग एंड गर्ग प्लांट के समीप हादसे का शिकार हो गई। वाहन अनियंत्रित होकर सडक़ से नीचे खाई में जा गिरा। हादसे में एक शिक्षक सहित सात बच्चे घायल हुए हैं।

सभी घायल मध्य प्रदेश के इंदौर से घूमने आए थे। गनीमत यह रही कि हादसे में किसी की जान नहीं गई। जानकारी के अनुसार टैम्पो ट्रैवलर (एचपी-01के-9878) में 11 स्कूली बच्चे, एक शिक्षक और चालक सवार थे।

वाहन मनाली से रोहतांग दर्रा होते हुए कोकसर से अटल टनल की ओर जा रहा था। इसी दौरान गर्ग एंड गर्ग प्लांट के पास चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा और सडक़ से नीचे जा गिरा। हादसे में शिक्षक सहित सात बच्चे घायल हो गए।

दुर्घटना की सूचना मिलते ही पुलिस पोस्ट कोकसर की टीम मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। घायलों को उपचार के लिए मनाली अस्पताल और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र सिस्सू पहुंचाया गया।

चिकित्सकों की निगरानी में सभी घायलों का उपचार जारी है। पुलिस ने घायलों के मेडिकल लीगल सर्टिफिकेट भी प्राप्त कर लिए हैं। हादसे के कारणों की जांच की जा रही है। मामले में आगामी कानूनी कार्रवाई एएसआई श्याम लाल प्रभारी पुलिस पोस्ट कोकसर द्वारा अमल में लाई जा रही है।

रोहतांग मार्ग पर हुए इस हादसे ने एक बार फिर पहाड़ी सडक़ों पर सफर के दौरान सावधानी बरतने की जरूरत को उजागर किया है। राहत की बात यह है कि हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई।

Exit mobile version