बैजनाथ उपमंडल के बीड़ क्षेत्र के निवासी अनुराग शर्मा लंबे समय से राजनीति और सामाजिक गतिविधियों में सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं। अब वह कांग्रेस पार्टी से राज्यसभा के उम्मीदवार हैं। अनुराग शर्मा मौजूदा समय में मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के सबसे भरोसेमंद नेताओं में से एक हैं।
इसके अलावा कांग्रेस ने अपने इस कदम सेे यह भी संदेश दिया है कि पार्टी में आम कार्यकर्ता भी बड़े ओहदे तक जा सकता है।
वर्ष 1994 से कांग्रेस संगठन से जुड़े अनुराग शर्मा ने छात्र राजनीति से अपने सार्वजनिक जीवन की शुरुआत की और विभिन्न संगठनात्मक पदों पर रहते हुए क्षेत्र के विकास में योगदान दिया। अनुराग शर्मा का जन्म 29 अगस्त 1978 को हुआ।
उन्होंने हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड से 10वीं की परीक्षा वर्ष 1993 में तथा 12वीं नॉन-मेडिकल वर्ष 1996 में उत्तीर्ण की। इसके बाद उन्होंने हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय शिमला से वर्ष 1999 में गणित विषय में बीए की डिग्री प्राप्त की।
राजनीतिक जीवन की शुरुआत उन्होंने एनएसयूआई से की। वर्ष 1998 और 1999 में जीजीडीएसडी कालेज बैजनाथ में एनएसयूआई के कैंपस अध्यक्ष रहे। इसके साथ ही वर्ष 1996 से 2001 तक एनएसयूआई के राज्य महासचिव के रूप में भी कार्य किया।
इसके बाद वर्ष 2002 से 2006 तक जिला युवा कांग्रेस के महासचिव रहे। वर्ष 2007 से 2012 तक उन्होंने ब्लॉक कांग्रेस कमेटी बैजनाथ के महासचिव के रूप में कार्य किया।
आगे चलकर वर्ष 2014 से 2019 तक हिमाचल प्रदेश कांग्रेस कमेटी के राज्य सचिव भी रहे। वर्ष 2015 से 2017 के दौरान उन्हें जोगिंदर नगर विधानसभा क्षेत्र में हिमाचल प्रदेश कांग्रेस कमेटी की ओर से पर्यवेक्षक की जिम्मेदारी भी दी गई।
वर्ष 2013 से 2017 तक वे हिमाचल प्रदेश पर्यटन विकास बोर्ड के निदेशक रहे। इसी अवधि में वर्ष 2013 से 2017 तक प्रदेश सरकार के युवा एवं खेल सेवाएं विभाग के सदस्य के रूप में भी कार्य किया।
वर्तमान में वे वर्ष 2023 से एचआरटीसी की विजिलेंस एंड प्रिवेंशन कमेटी के सदस्य के रूप में अपनी सेवाएं दे रहे हैं। वह बिलिंग पैराग्लाइडिंग एसोसिएशन से लंबे समय से जुड़े हुए हैं।
वर्ष 2010 से 2020 तक एसोसिएशन के निदेशक रहे और वर्ष 2020 से 2025 तक अध्यक्ष के रूप में जिम्मेदारी निभाई। इसके अतिरिक्त वे स्वामी रामानंद ट्रस्ट के सदस्य भी हैं।
मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू को कहा थैंक्स
बैजनाथ के विधायक किशोरी लाल, युवा नेता रविंद्र बिट्टू, रविंद्र राव, वरिष्ठ नेता राज कुमार कोड़ा, इंद्र जीत नंदा, मिलाप राणा, रमेश चड्ढा, सुरेश फुंगरी के साथ सैकड़ों लोगों ने कांग्रेस पार्टी के शीर्ष नेतृत्व, मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू प्रदेश सरकार सभी नेताओं का आभार जताया है।