हिमाचल प्रदेश मंत्रिमंडल की बैठक 13 नवंबर दोपहर बाद शिमला में तय की गई है। इससे पहले दिवाली से पूर्व शनिवार को कैबिनेट की बैठक करने की कोशिश थी, लेकिन यह नहीं हो पाई थी।
अब सामान्य प्रशासन विभाग ने शनिवार को 13 तारीख की बैठक के लिए नोटिस जारी कर दिया है। यह कैबिनेट इसलिए भी महत्त्वपूर्ण है, क्योंकि राज्य सरकार 16 से 21 नवंबर के बीच शीतकालीन सत्र के लिए धर्मशाला जा रही है।
विधानसभा के इस शीतकालीन सत्र में पारित होने वाले विधेयकों का मामला भी इस कैबिनेट बैठक में लगाया जाएगा। बैठक का नोटिस जारी होने के बाद मुख्य सचिव ने सभी प्रशासनिक सचिवों को कैबिनेट के लिए एजेंडा तैयार करने को कहा है।
सरकार गांव के द्वारा के तहत मुख्यमंत्री के चंबा दौरे के दौरान की गई घोषणाओं को भी कैबिनेट में लाया जाएगा। राज्य मंत्रिमंडल मुख्यमंत्री अपना परिवार सुखी परिवार योजना को लेकर भी निर्णय ले सकता है।
इस स्कीम के तहत राज्य सरकार दो गारंटियों, जिसमें महिलाओं को 1500 रुपए और गरीब परिवारों को 300 यूनिट फ्री बिजली का वादा किया गया है, को भी पूरा कर सकता है।
इसी महीने से इस स्कीम को शुरू करने की घोषणा मुख्यमंत्री खुद चंबा दौरे के दौरान कर चुके हैं।
