हिमाचल प्रदेश में तीन दिन की तेज धूप के बाद गर्मी का प्रकोप बढ़ गया है। प्रदेश के मैदानी इलाकों में मंगलवार को लू महसूस की गई। कांगड़ा, कुल्लू, सोलन जिला के निचले इलाकों समेत किन्नौर में भी दोपहर के वक्त हीटवेव के कारण लोगों को परेशानियां झेलनी पड़ी।
किन्नौर में पहली बार हीटवेव महसूस की गई है। मौसम विभाग ने ताजा बुलेटिन में 20 और 21 मई के लिए भी कांगड़ा और सोलन जिला के कुछेक भागों में हीटवेव का अलर्ट दिया गया है।
राज्य में बीते 24 घंटे के दौरान 11 शहरों का अधिकतम तापमान 35 डिग्री या उससे अधिक हो गया है। इससे दिन के वक्त मैदानी इलाकों में घरों से बाहर निकलना मुश्किल हो गया है।
मंगलवार इस सीजन का सबसे गर्म दिन रहा। गर्मी के चलते हालत यह है कि राज्य में ऊना का पारा 43.4 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। शिमला और मनाली जैसे ठंडे शहरों में भी लोगों को दिनभर गर्मी और उमस का सामना करना पड़ा। राजधानी शिमला में धूप के बीच बादलों की आवाजाही जरूर रही, लेकिन इससे राहत कम ही मिली।
मौसम विभाग के अनुसार राज्य के कई हिस्सों में दिन का तापमान सामान्य से तीन से छह डिग्री सेल्सियस तक अधिक दर्ज किया गया। मौसम विभाग ने समर सीजन में पहली बार हिमाचल में लू का यलो अलर्ट जारी किया है।
20 और 21 मई को कांगड़ा और सोलन जिलों में लू चलने की चेतावनी दी गई है। पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से 21 मई को चंबा, कांगड़ा और कुल्लू जिलों में आंधी और बिजली गिरने का यलो अलर्ट जारी किया गया है।
इस दौरान 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। 22 मई को चंबा, कांगड़ा, कुल्लू, मंडी और शिमला में अंधड़, बारिश और बिजली चमकने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार 22 मई को पूरे प्रदेश में बारिश के आसार हैं।
23 और 24 मई को मैदानी क्षेत्रों में मौसम साफ रह सकता है, जबकि मध्य और ऊंचाई वाले इलाकों में हल्की बारिश हो सकती है। 25 मई को एक बार फिर पूरे प्रदेश में मौसम बदलने और बारिश होने की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग का कहना है कि इस बार पहाड़ी इलाकों में भी सामान्य से ज्यादा गर्मी महसूस की जा रही है।
22 को पूरे प्रदेश में बारिश
मौसम विभाग के अनुसार पश्चिमी विक्षोभ के चलते 22 मई को पूरे प्रदेश में बारिश के आसार हैं। इस दौरान चंबा, कांगड़ा, कुल्लू, मंडी और शिमला में अंधड़, बारिश और बिजली चमकने की संभावना है।
23 और 24 मई को मैदानी क्षेत्रों में मौसम साफ रह सकता है, जबकि मध्य और ऊंचाई वाले इलाकों में हल्की बारिश हो सकती है। 25 मई को एक बार फिर पूरे प्रदेश में मौसम बदलने और बारिश होने की संभावना जताई गई है।
अधिकतम तापमान
शहर पारा
ऊना 43.4
सैंज 41.2
सुंदरनगर 38.6
कांगड़ा 38.4
चौपाल 38
मंडी 37.2
नाहन 36.7
भुंतर 35.5
सोलन 35.2
कल्पा 35.1
चंबा 34.4
जुब्बड़हट्टी 32.8
शिमला 29.4
मनाली 28.5
धर्मशाला 26
मशोबरा 24.6
कुफरी 24
केलांग 21.8
(डिग्री सेल्सियस में)
रोहतांग सहित शिंकुला-बारालाचा दर्रे पर बर्फ के फाहे
प्रदेश के मैदानी इलाके जहां मंगलवार को लू का सामना कर रहे थे, वहीं रोहतांग सहित शिंकुला व बारालाचा दर्रे पर पहुंचे पर्यटकों का स्वागत ताजा बर्फबारी ने किया। दर्रे की ऊंची चोटियों पर बिछी सफेद बर्फ की चादर नीले आसमान और हरे-भरे पहाड़ों के बीच अद्भुत दृश्य प्रस्तुत कर रही है।
यहां पहुंचे सैलानियों ने प्राकृतिक सौंदर्य का भरपूर आनंद लिया और बर्फ से ढकी वादियों के मनोरम दृश्यों को अपने कैमरों और मोबाइल फोन में कैद किया। पर्यटकों का कहना है कि मई के महीने में भी ताजा बर्फबारी का नजारा देखना उनके लिए किसी सौगात से कम नहीं है।
ताजा बर्फबारी के बाद शिकुंला दर्रा प्रकृति प्रेमियों व फोटोग्राफी के शौकीनों के लिए आकर्षण का केंद्र बना हुआ है।
